Breaking-News

यूपी चुनाव से पहले BJP नेताओं की अग्निपरीक्षा, टिकट के लिए बनेगा रिपोर्ट कार्ड; विधायकों के कामकाज की होगी समीक्षा

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने संगठन और नेताओं के प्रदर्शन को परखने की तैयारी तेज कर दी है। लखनऊ में हुई कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने संगठनात्मक गतिविधियों में निष्क्रियता और नेताओं की कम भागीदारी पर नाराजगी जताई। बैठक से संकेत मिले हैं कि आगामी चुनाव में केवल पद और राजनीतिक प्रभाव के आधार पर टिकट नहीं मिलेगा, बल्कि नेताओं को अपने क्षेत्र में काम और संगठन के प्रति सक्रियता भी साबित करनी होगी।

बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SSR अभियान की समीक्षा की गई। सूत्रों के मुताबिक, अभियान में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखने पर तावड़े ने नेताओं और पदाधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। पार्टी की रणनीति में महिला मतदाताओं पर भी विशेष जोर है। महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई।

मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन की समीक्षा भी बैठक का अहम मुद्दा रही। सूत्रों के अनुसार, जिन विधायकों का कामकाज संतोषजनक नहीं पाया जाएगा, उनकी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जा सकती है। नेताओं को संगठन के कार्यक्रमों में भागीदारी, जनता के बीच पकड़, कार्यकर्ताओं से संवाद और बूथ स्तर पर सक्रियता के आधार पर परखा जाएगा। ऐसे में पूर्व विधायकों और टिकट के दूसरे दावेदारों को भी अपनी सक्रियता और उपयोगिता साबित करनी होगी।

मतदाता सूची अभियान के लिए जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारी तय करने और उनसे रोजाना प्रदेश मुख्यालय को रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। बैठक में पंचायत और निकाय चुनाव की मतदाता सूचियों का विधानसभा मतदाता सूची से मिलान करने तथा गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कराने का मुद्दा भी उठा। बीजेपी ने पिछले चुनाव में हारी हुई विधानसभा और लोकसभा सीटों पर संगठन मजबूत करने, युवाओं और महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा की।

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले भी बीजेपी नेतृत्व 2027 के चुनाव को देखते हुए जमीनी संगठन, नाराज कार्यकर्ताओं और कमजोर माने जा रहे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की बात कह चुका है।

Related Articles

Back to top button