
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गोंडा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान समाजवादी पार्टी और विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजम खान हों या असदुद्दीन ओवैसी, उत्तर प्रदेश में किसी की भी दाल गलने वाली नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी निशाने पर लिया। पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी सनातन धर्म की विरोधी है और अखिलेश यादव को काशी, मथुरा और अयोध्या जाने से पहले अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और भगवान राम से माफी मांगनी चाहिए।
डिप्टी सीएम ने यह बातें गोंडा के जयप्रभा ग्राम में आयोजित भव्य श्रीराम कथा के मंच से कहीं। उन्होंने विपक्षी दलों के गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इंडी गठबंधन का प्रयास सफल नहीं होगा। उन्होंने सपा को बहुरूपिया बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अपनी राजनीतिक स्थिति के अनुसार अलग-अलग रूप अपनाती है।
इस दौरान ब्रजेश पाठक ने श्रीराम कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखकर प्रसन्नता जताई और गोंडा की जनता को बधाई दी। उन्होंने आयोजन के लिए महंत आलोक दास महाराज का अभिनंदन करते हुए कहा कि उन्होंने अपना जीवन सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित किया है। उनके प्रयासों से इटियाथोक और आसपास के क्षेत्र में इतना भव्य धार्मिक आयोजन संभव हुआ है।
पाठक ने कहा कि सनातन संस्कृति की पताका दोगुनी ताकत से ऊंची फहराती रहेगी। उन्होंने राजन जी महाराज जैसे कथावाचकों और संतों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि सनातन का ध्वज झुकने वाला नहीं है। अंत में उन्होंने भगवान श्रीराम और हनुमान जी से प्रदेशवासियों के घरों में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। कार्यक्रम में मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी उर्फ मुन्ना भैया और चेयरमैन प्रतिनिधि मंशाराम वर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।



