Breaking-News

‘लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे…’, संविधान दिवस पर CM योगी ने कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना

संविधान दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने सत्ता में रहते हुए संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया, वे आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष की जागीर नहीं, बल्कि देश के आम नागरिकों में निहित है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर डॉ. भीमराव आंबेडकर को भारत रत्न नहीं देने और उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए षड्यंत्र करने का आरोप लगाया। वहीं, समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटाया था, जिसे बीजेपी सरकार ने दोबारा उनके नाम पर किया। योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर और अलीगढ़ विश्वविद्यालय का नाम राजा महेंद्र प्रताप सिंह के सम्मान में रखा है। बहराइच में महाराज सुहेलदेव के नाम पर स्मारक और मेडिकल कॉलेज भी बनाया गया है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। सरकार ने कुल 4,030 स्थल चिह्नित किए हैं, जिनमें से 3,955 पर काम शुरू किया जा रहा है। इन स्थलों पर जरूरत के अनुसार छतरी, बाउंड्री वॉल, CCTV कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था और हरियाली विकसित की जाएगी। सीएम ने कहा कि यह पहल बाबा साहेब के साथ संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के योगदान के सम्मान का प्रयास है।

योगी आदित्यनाथ ने संविधान की मूल भावना और समान मताधिकार का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में संविधान लागू होने के पहले दिन से ही हर वयस्क नागरिक को बिना भेदभाव मतदान का अधिकार मिला। उन्होंने बताया कि संविधान सभा के 55 सदस्य उत्तर प्रदेश से थे और 15 महिला सदस्यों में से छह यूपी से थीं।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में कर्फ्यू, दंगे, घोटाले, पेपर लीक और नौकरियों में वसूली जैसी समस्याएं थीं। सीएम के मुताबिक, कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की गारंटी है और सरकार की प्राथमिकता गरीबों तथा वंचितों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

Related Articles

Back to top button