
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने 1,594 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश का नौजवान समाजवादी पार्टी से पूछता है कि जब आप सत्ता में थे, तब क्या किया था और अब क्या करोगे? उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य माना जाता था। युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता था, किसान परेशान थे और बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठते थे।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में भर्ती प्रक्रिया से लेकर विकास योजनाओं तक परिवारवाद और भ्रष्टाचार हावी था। उन्होंने चाचा-भतीजे की जोड़ी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में योग्य युवाओं को अवसर नहीं मिलते थे, जबकि आज पारदर्शी व्यवस्था के तहत बिना भेदभाव के युवाओं को नियुक्तियां दी जा रही हैं।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सपा को घेरते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी चरम पर थी। उस दौर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ‘देख सपाई बिटिया घबराई।’ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के पास विकास का कोई स्पष्ट विजन नहीं था और विकास के लिए आने वाले पैसे का दुरुपयोग होता था।
सीएम योगी ने कहा कि आज सड़क कनेक्टिविटी प्रदेश की प्रगति का आधार बन रही है और उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट नहीं है, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।



