
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के घोषणा-पत्र को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने सपा के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ पर निशाना साधते हुए इसे कोरा हवाहवाई बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जनता से चुनावी वादों के नाम पर होने वाले छलावे से सावधान रहने की अपील की।
मायावती ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का स्वभाव गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों, सम्मान और सुरक्षा के अनुकूल नहीं रहा है। उन्होंने सपा की नीतियों को संकीर्ण और जातिवादी बताते हुए कहा कि पार्टी धन्नासेठों को प्राथमिकता देती है। राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए को महत्व देने के बजाय बड़े पूंजीपति को प्राथमिकता दी गई।
बसपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि केवल चुनावी घोषणाओं से प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी समस्याएं कैसे दूर होंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का घोषणा-पत्र जनहित के बजाय अमीर और बाहुबली लोगों को राजनीति में आगे बढ़ाने की सोच को दर्शाता है। मायावती ने कहा कि ऐसे लोग जनता के हितों के बजाय अपने स्वार्थ को प्राथमिकता देते हैं।
मायावती ने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ बसपा की नीति और सिद्धांत रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बसपा की चारों सरकारों में सर्वसमाज के हितों को ध्यान में रखकर काम किया गया। साथ ही उन्होंने सपा पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया और जातिवादी द्वेष तथा दंगों से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र किया।
मायावती ने सपा के घोषणा-पत्र को ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत से जोड़ते हुए इसे ‘धन-मन वादी’ करार दिया। उनके इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में सपा और बसपा के बीच जुबानी जंग तेज होने के संकेत हैं।



