रोजाना इतनी मात्रा में इलायची चबाएं, एक महीने में कई स्वास्थ्य समस्याएं हो जाएंगी दूर
अगर आपको लगता है कि इलायची केवल खाने-पीने के स्वाद को बढ़ाने के लिए इस्तेमाल की जाती है, तो यह आपकी गलतफहमी हो सकती है। दरअसल, इलायची न केवल खाने का जायका बढ़ाती है, बल्कि यह सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद मानी जाती है। दादी-नानी के नुस्खों में इसे एक आयुर्वेदिक औषधि के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है। आइए जानते हैं कि इलायची के सेवन से हमें कौन-कौन से स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं।
दिन में कितनी इलायची खानी चाहिए?
हर दिन दो से तीन इलायची का सेवन करना फायदेमंद होता है। इससे अधिक मात्रा में इलायची खाना कुछ मामलों में सेहत पर नकारात्मक प्रभाव भी डाल सकता है। इलायची को आप चबाकर खा सकते हैं या फिर इसे सुबह खाली पेट लेना भी लाभदायक हो सकता है। इसके अलावा, इलायची के पानी को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर भी इसके फायदे लिए जा सकते हैं।
सेहत के लिए फायदेमंद
आयुर्वेद के अनुसार, इलायची में कई पोषक तत्व होते हैं, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। यह हृदय को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होती है और गले की परेशानियों को दूर करने में भी कारगर मानी जाती है। अगर सही मात्रा में और सही तरीके से इलायची का सेवन किया जाए, तो यह सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
इन समस्याओं से मिलेगा छुटकारा
अगर आपको गैस, एसिडिटी या पेट से जुड़ी अन्य परेशानियां हैं, तो इलायची का सेवन आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। मुंह से आने वाली दुर्गंध को दूर करने के लिए भी इलायची काफी कारगर मानी जाती है। अस्थमा के मरीजों को भी इसे अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए, क्योंकि यह सांस संबंधी दिक्कतों में राहत दिला सकती है। इसके अलावा, ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में भी इलायची सहायक साबित होती है।
अगर आप अपनी सेहत को बेहतर बनाना चाहते हैं, तो इलायची को अपनी दिनचर्या में जरूर शामिल करें।