भगवंत मान के ‘नकली पगड़ी’ वाले बयान पर भड़के नायब सैनी, बोले- माफी मांगें
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बीच पगड़ी को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। भगवंत मान की ओर से नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरों के दौरान पगड़ी पहनने को लेकर की गई टिप्पणी पर हरियाणा CM ने कड़ी नाराजगी जताई है। नायब सिंह सैनी ने भगवंत मान के बयान को निंदनीय बताते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की है।
दरअसल, पंजाब में लगातार चुनावी दौरों को लेकर भगवंत मान ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि नायब सिंह सैनी अपनी गाड़ी में पगड़ी रखते हैं और पंचकूला से निकलकर पंजाब में प्रवेश करते ही पगड़ी पहन लेते हैं। मान ने सवाल उठाते हुए कहा था कि शायद उन्हें लगता है कि ऐसा करने से पंजाब की जनता खुश हो जाएगी, लेकिन पंजाब के लोग ऐसी ‘नकली पगड़ी’ से खुश नहीं होने वाले हैं।
भगवंत मान की इसी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का बयान बेहद निंदनीय है और उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। सैनी ने कहा कि यह सिर्फ उनकी पगड़ी का अपमान नहीं है, बल्कि पूरे पंजाब की पगड़ी का अपमान है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर गुरु साहब ने लोगों को पगड़ी और धर्म से जोड़ा, वहां जाकर भगवंत मान को माफी मांगनी चाहिए।
दोनों नेताओं के बीच विवाद यहीं नहीं रुका। भगवंत मान ने नायब सिंह सैनी के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें सैनी ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए मजाक, प्रचार और विज्ञापन की राजनीति करने का आरोप लगाया था। मान ने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में उनकी सरकार ने जो काम किए हैं, वे सिर्फ चुटकुले सुनाने से नहीं होते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर नायब सिंह सैनी को चुटकुले सुनाना नहीं आता तो इसमें वह कुछ नहीं कर सकते।
वहीं, नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब के लोगों को मजाक नहीं, बल्कि विकास, रोजगार, उद्योगों के लिए सुरक्षित माहौल और अपनी समस्याओं का समाधान चाहिए। रविवार को पटियाला के ककराला गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सैनी ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने काम से ज्यादा प्रचार और परिणामों से ज्यादा विज्ञापनों पर ध्यान दिया है।
सैनी ने कहा कि झूठे दावों को बार-बार दोहराने से अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं होती। अर्थव्यवस्था तब मजबूत होती है, जब उद्योगों को सुरक्षा मिले, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हों, कारोबारियों में सरकार के प्रति भरोसा हो और किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिले। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ भी बिना किसी भेदभाव के सीधे लोगों तक पहुंचना चाहिए।
हरियाणा CM ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मजाक सिनेमाघरों में चलता है, जबकि जनता के बीच चर्चा काम, विकास और जनसमस्याओं के समाधान की होती है।
नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब की जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा करने में वह विफल रही। सैनी ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी ने भी पंजाब में कई वादे किए, लेकिन उनमें से कई सिर्फ वादे बनकर रह गए और जनता को अपनी समस्याओं से अपेक्षित राहत नहीं मिली।
पगड़ी को लेकर भगवंत मान और नायब सिंह सैनी के बीच शुरू हुई यह बयानबाजी अब पंजाब की राजनीति में बड़ा मुद्दा बनती दिखाई दे रही है। एक तरफ मान अपने सरकार के कामकाज को लेकर सैनी के हमलों का जवाब दे रहे हैं, वहीं सैनी पंजाब सरकार पर विकास और रोजगार के मुद्दे पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।