बुलंदशहर पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, दिवंगत विधायक अनिल शर्मा के परिवार से मिले
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बुलंदशहर पहुंचे, जहां उन्होंने शिकारपुर के दिवंगत विधायक अनिल शर्मा के परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री शिकारपुर क्षेत्र के गांव रानऊ स्थित अवंतिका फार्म हाउस पहुंचे और विधायक के स्वजन से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए अवंतिका फार्म हाउस के पास ही हेलीकॉप्टर के लिए हेलीपैड बनाया गया था। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इस दौरान जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
बता दें कि शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा का दो सितंबर को दिल्ली के बीएलके मैक्स अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। वह लंबे समय से कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे। उनकी उम्र 63 वर्ष थी। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके पुत्र से फोन पर बातचीत कर दुख जताया था।
अनिल शर्मा बुलंदशहर के ग्राम सूरजावली के रहने वाले थे और प्रदेश सरकार में पूर्व वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री भी रह चुके थे। शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में उन्होंने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उनके निधन के बाद मुख्यमंत्री का परिवार से मिलने पहुंचना उनके प्रति संवेदना और सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।