
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभी से चुनावी नतीजों को लेकर बड़ा दावा कर दिया है। योगी का कहना है कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इतना ही नहीं, उन्होंने बीजेपी के संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत गिनाते हुए विपक्षी दलों सपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी कैडर आधारित पार्टी है, जहां परिवारवाद नहीं, बल्कि कार्यकर्ता और संगठन सर्वोपरि हैं। उन्होंने प्रदेश के 75 जिलों, 350 तहसीलों, 1,583 थानों और 57,600 से अधिक ग्राम पंचायतों का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी का कोई कार्यकर्ता निजी स्वार्थ के लिए किसी को बंधक नहीं बनाता।
योगी ने कहा कि बीजेपी की राजनीति का मूल उद्देश्य भयमुक्त वातावरण और सुशासन देना है। आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बनाएगी।
वहीं, मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि इन दलों के शासनकाल में अराजकता, गुंडाराज और दंगों को बढ़ावा मिला। उन्होंने बीजेपी सरकार को कानून का राज स्थापित करने वाली सरकार बताया।
अब सवाल यह है कि क्या कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर बीजेपी एक बार फिर उत्तर प्रदेश की जनता का भरोसा जीत पाएगी? और क्या योगी का लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत का दावा 2027 के चुनाव में सच साबित होगा? इसका जवाब तो चुनावी नतीजे ही देंगे।



