Breaking-News

लखनऊ में उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026 का शुभारंभ, 150 स्टॉल पर दिखेगी प्रदेश के कारीगरों की कला

उत्तर प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने शुक्रवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में 10 दिवसीय ‘उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026’ का शुभारंभ किया। 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलने वाले इस महोत्सव की थीम ‘धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति’ रखी गई है। यहां प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए उद्यमियों और शिल्पकारों ने कुल 150 स्टॉल लगाए हैं।

उद्घाटन के दौरान मंत्री राकेश सचान ने स्टॉलों का निरीक्षण किया और कारीगरों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान खादी को स्वावलंबन का माध्यम बनाया था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान से खादी को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आधुनिक डिजाइन और 100 प्रतिशत शुद्ध कॉटन के कारण खादी युवाओं के बीच भी लोकप्रिय हो रही है।

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 2,544.35 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। इससे प्रदेश में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित हुईं और 2.79 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला। इसके अलावा, प्रदेश के 18 मंडलों में आयोजित 115 प्रदर्शनियों के जरिए उद्यमियों ने 161.54 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की।

महोत्सव में खादी वस्त्रों और गारमेंट्स की खरीद पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जा रही है। मंत्री राकेश सचान ने लोगों से अपील की कि वे महोत्सव में पहुंचकर कम से कम एक खादी वस्त्र जरूर खरीदें, ताकि स्थानीय बुनकरों, शिल्पकारों और ग्रामीण उद्यमियों को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग को बढ़ावा देना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Back to top button