CM योगी का बड़ा लक्ष्य, इस बार 5 करोड़ घरों पर फहराएगा तिरंगा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इसे जनभागीदारी का महाअभियान बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश के गौरवशाली इतिहास से हर नागरिक को जोड़ने का माध्यम है। मुख्यमंत्री ने इस वर्ष प्रदेश के 5 करोड़ घरों तक तिरंगा पहुंचाने का लक्ष्य तय करते हुए अभियान में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय ध्वजों के निर्माण, उपलब्धता और वितरण की पूरी व्यवस्था समयबद्ध तरीके से की जाए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, खादी ग्रामोद्योग संस्थाओं, एमएसएमई इकाइयों और स्थानीय उत्पादन केंद्रों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ अभियान का दायरा भी व्यापक हो सके।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण किया जाए। इसके अलावा सरकारी और अर्धसरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, स्थानीय निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, राशन दुकानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक संस्थानों सहित सभी प्रमुख भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक नागरिक को तिरंगे के सम्मान और उसके महत्व से जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए।
अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रदेशभर में तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता, प्रकाश सज्जा और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, हवाई अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थलों को भी तिरंगा थीम पर सजाने के निर्देश दिए। वहीं विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी, चित्रकला प्रतियोगिता और ‘वंदे मातरम्’ गायन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं में देशभक्ति की भावना और अधिक मजबूत हो।
राज्य सरकार ने अभियान के तहत कई विशेष कार्यक्रमों की भी रूपरेखा तैयार की है। 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस पर विशेष आयोजन होंगे, जबकि 9 से 15 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों और ऐतिहासिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर लखनऊ सहित सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शनी लगाई जाएगी और विभाजन पीड़ित परिवारों के साथ कैंडल मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद 15 अगस्त को पूरे प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाया जाएगा।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2022 में प्रदेश के 4.10 करोड़ से अधिक घरों पर तिरंगा फहराया गया था। इसके बाद 2024 और 2025 में अभियान का दायरा बढ़कर 4.50 करोड़ से अधिक घरों तक पहुंच गया। वहीं 2025 में 4.76 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराकर नया रिकॉर्ड बनाया गया था। अब राज्य सरकार ने इस वर्ष 5 करोड़ घरों तक अभियान पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि हर नागरिक राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना से जुड़ सके।