बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त बागेश्वर धाम के प्रमुख पुजारी धीरेंद्र शास्त्री के शिष्य हैं। हाल ही में बाबा बागेश्वर के नाम से प्रसिद्ध धीरेंद्र शास्त्री ने संजय दत्त के घर का दौरा किया। इस दौरान दोनों की मुलाकात हुई, और संजय दत्त ने खुद इसका फोटो साझा करते हुए लिखा, “यह मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है कि बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री मेरे घर आए। गुरुजी से आशीर्वाद लेकर मन प्रसन्न हो गया। वह मेरे परिवार के सदस्य और भाई जैसे हैं।”
संजय दत्त का भगवान में गहरा विश्वास है, और उनका बागेश्वर धाम से विशेष संबंध है। उनकी धीरेंद्र शास्त्री के साथ भी एक अच्छी दोस्ती है। पिछले साल, 25 नवंबर को धीरेंद्र शास्त्री ने सनातन हिंदू एकता पदयात्रा निकाली थी, जिसमें संजय दत्त भी शामिल हुए थे। इस यात्रा के दौरान संजय दत्त ने आम श्रद्धालुओं के साथ सड़क पर चाय पिया था, और बागेश्वर बाबा के साथ इस यात्रा में भाग लेकर गौरव का अनुभव किया था।
संजय दत्त ने इस पदयात्रा में शामिल होने के बाद इंडिया टीवी से बातचीत में धीरेंद्र शास्त्री की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “बाबा बहुत बड़े सुपरस्टार हैं, और मैं उन्हें अपने परिवार के सदस्य और भाई की तरह मानता हूं। बाबा जातिवाद को समाप्त करने का संदेश दे रहे हैं, और मैं इसे आगे बढ़ाने का हर संभव प्रयास करूंगा। भारत को एकजुट करने के लिए हमें कुछ कदम उठाने चाहिए।” इस यात्रा में संजय दत्त के साथ खली भी शामिल थे, और यह यात्रा लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुई थी। अब संजय दत्त अपने गुरु से मिलकर काफी खुश हैं।

