Posted By : Admin

मशहूर गायक उदित नारायण की बिल्डिंग में भयानक आग, वायरल हुआ हादसे का वीडियो

मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित शास्त्री नगर इलाके में सोमवार रात एक बड़ी घटना घटी, जब स्काईपैन अपार्टमेंट नामक बिल्डिंग में आग लग गई। यह बिल्डिंग प्रसिद्ध गायक उदित नारायण का निवास स्थान भी है। आग रात करीब 9:15 बजे 11वीं मंजिल पर लगी, लेकिन राहत की बात यह है कि उदित नारायण और उनके परिवार को कोई नुकसान नहीं हुआ। उनका घर 9वीं मंजिल पर स्थित है, जो आग से प्रभावित नहीं हुआ।

इस घटना के समय परिवार घर में मौजूद था या नहीं, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, उदित नारायण और उनके परिवार की ओर से इस घटना पर अब तक कोई बयान नहीं आया है।

आग की घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। अनूप जायसवाल नाम के एक X (पूर्व में ट्विटर) यूजर ने यह वीडियो साझा किया, जिसे उनकी एक दोस्त ने अपने घर की खिड़की से शूट किया था। वीडियो में बिल्डिंग से उठती भयानक आग की लपटें देखी जा सकती हैं। इस वीडियो के साथ अनूप ने लिखा, “स्काईपैन अपार्टमेंट, सब टीवी लेन, अंधेरी वेस्ट में आग लग गई है। यह वीडियो मेरी एक दोस्त ने खिड़की से शूट किया है। अब समय आ गया है कि अंधेरी वेस्ट में एक फायर स्टेशन बनाया जाए। वीरा देसाई रोड पर इसके लिए पर्याप्त जगह है। यदि राजनीतिक इच्छाशक्ति हो, तो एक बेहतर फायर स्टेशन स्थापित किया जा सकता है।”

फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, माना जा रहा है कि आग बिजली के उपकरणों में खराबी के कारण लगी।

Share This