शक्तिमान और महाभारत में भीष्म पितामह का किरदार निभाने वाले मुकेश खन्ना हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में अमिताभ बच्चन के बारे में कुछ अहम बातें साझा की। मुकेश खन्ना ने बताया कि उनके शुरुआती करियर में उनके दोस्तों ने उन्हें अमिताभ बच्चन की नकल करने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि अमिताभ बच्चन की एक टिप्पणी उनके मन में इतनी गहरी बैठी कि वो कभी उसे भूल नहीं पाए।
मुकेश खन्ना ने हिंदी रश यूट्यूब चैनल को दिए गए इंटरव्यू में कहा कि उन्हें अमिताभ बच्चन के बारे में पहली बार एक दोस्त से पता चला था। उन्होंने बताया, “मैंने एक विज्ञापन किया था, जिसमें मैं परफ्यूम लगाकर लड़कियों का ध्यान आकर्षित करता हूं।” इसी विज्ञापन को देखने के बाद अमिताभ बच्चन ने एक टिप्पणी की थी। मुकेश खन्ना ने आगे कहा, “वह शख्स जो थिएटर में मौजूद था, उसने बताया कि अमित जी ने कहा, ‘यह तो कॉपी कर रहा है।’ मुझे यह सुनकर यकीन नहीं हुआ और मैंने अपने दोस्त से कहा, ‘तुम पागल हो क्या? अमित जी ऐसा कैसे कह सकते हैं?’ लेकिन फिर भी यह बात मेरे दिमाग में बैठ गई।”
मुकेश खन्ना ने यह भी बताया कि मीडिया ने इस घटना को बहुत बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया और कुछ लोगों ने तो यह तक कह दिया कि इस टिप्पणी के कारण उनका करियर खत्म हो गया। हालांकि, उन्होंने इस बात को पूरी तरह से नकारा। मुकेश खन्ना ने एक और घटना का उल्लेख किया, जब एक पत्रकार ने उन्हें यह कहकर उकसाने की कोशिश की कि अमिताभ बच्चन की इस टिप्पणी के कारण उनका करियर प्रभावित हुआ। इस पर मुकेश खन्ना ने कहा, “तुम पागल हो क्या?” उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अमिताभ बच्चन के प्रति कोई नकारात्मक भावना नहीं है और कई बार उनकी मुलाकातें भी हुई हैं। एक बार लंदन से भारत लौटते समय फ्लाइट में भी उनकी मुलाकात अमिताभ से हुई थी, और दोनों ने अच्छे से बातचीत की थी।

