बिग बॉस’ सीजन 18 के विजेता करणवीर मेहरा की निजी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव रहे हैं। उनकी दो शादियां हुईं, लेकिन दुर्भाग्यवश दोनों ही लंबे समय तक नहीं चल सकीं। अब उनकी दूसरी पत्नी निधि सेठ ने एक बार फिर शादी कर ली है। निधि ने अपने चाहने वालों के साथ इस खुशखबरी को साझा किया और शादी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों में निधि बेहद खुश नजर आ रही हैं।
निधि ने एक लंबे इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपने नए जीवनसाथी संदीप कुमार के प्रति अपने प्यार का इजहार किया। उन्होंने लिखा, “तुमने मुझे यह सिखाया है कि प्यार संघर्ष नहीं, बल्कि एक खूबसूरत साझा यात्रा है। हमारी शादी में हमेशा ‘हम’ को ‘मैं’ से ज्यादा महत्व मिलेगा। तुम्हारी निष्ठा और देखभाल मुझे सुरक्षित और स्वतंत्र महसूस कराती है। मुझे विश्वास है कि हमारा रिश्ता हर दिन और मजबूत होगा।”
निधि और करणवीर ने शादी के करीब ढाई साल बाद, अक्टूबर 2023 में तलाक ले लिया था। इसके बाद निधि की जिंदगी में संदीप आए और उन्होंने दो साल के रिश्ते के बाद शादी करने का फैसला किया।
संदीप के साथ अपने रिश्ते पर बात करते हुए निधि ने लिखा, “पिछले दो सालों में तुमने मेरी जिंदगी को खूबसूरत यादों से भर दिया है। हर चुनौती और खुशी में मेरा साथ देने के लिए मैं तुम्हारी आभारी हूं। तुम्हारी दयालुता और समर्थन ने मेरे जीवन को बेहतर बनाया है। मेरा सहारा बनने और मुझे हां कहने के लिए धन्यवाद। मैं तुमसे प्यार करती हूं, एसके।” इन पलों को निधि ने बेहद खास और भावुक अंदाज में साझा किया, जो उनके चाहने वालों के दिल को छू गया।

