Posted By : Admin

90 के दशक का सुपरस्टार, अचानक करियर में आई गिरावट और फिर ‘बाबा’ बनने के बाद बदल गई किस्मत

बॉलीवुड में कई ऐसे सितारे हैं जिन्होंने हीरो के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी, लेकिन बाद में खलनायक के रूप में अपनी पहचान बनाई। संजय दत्त से लेकर इमरान हाशमी तक, इन सितारों ने यह साबित किया कि वे हीरो के रूप में जो नहीं कर सके, वह विलेन के रूप में कर दिखाया। बॉबी देओल भी इन्हीं कलाकारों में शामिल हैं, जिनका करियर एक दिलचस्प यात्रा रही है। आज बॉबी देओल का जन्मदिन है, और इस खास मौके पर हम आपको उनके करियर और जीवन से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें बताने जा रहे हैं।

बॉबी देओल ने बहुत कम उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। उन्होंने 1977 में अपने पिता धर्मेंद्र की फिल्म ‘धर्म वीर’ से छोटे से किरदार के रूप में अपनी शुरुआत की थी, जहां उन्होंने धर्मेंद्र के बचपन का रोल निभाया था। इसके बाद, 1995 में आई फिल्म ‘बरसात’ से उन्होंने बतौर लीड एक्टर डेब्यू किया और अपनी शानदार एक्टिंग और आकर्षक व्यक्तित्व से दर्शकों का दिल जीत लिया।

शुरुआत में बॉबी देओल का करियर बहुत ही सफल रहा। फिल्म ‘बरसात’ के बाद उनके नाम की धूम मच गई थी। हर निर्माता-निर्देशक उनके साथ काम करना चाहता था, और वह बॉलीवुड में एक बड़े स्टार बन गए थे। देओल ब्रदर्स का नाम बॉलीवुड में गूंजने लगा था। लेकिन समय बदलते देर नहीं लगती, और बॉबी देओल के करियर में भी एक ऐसा दौर आया जब उनकी फिल्में फ्लॉप होने लगीं। कुछ समय तक वह बॉलीवुड से ग़ायब हो गए थे, लेकिन फिर उन्होंने वेब सीरीज ‘आश्रम’ में बाबा निराला के निगेटिव किरदार से जबरदस्त वापसी की।

‘आश्रम’ में बाबा निराला का किरदार उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इस भूमिका ने उन्हें जबरदस्त पहचान दिलाई, और उनकी हीरो वाली इमेज को साइडलाइन कर दिया। इसके बाद, 2023 में रिलीज़ हुई फिल्म ‘एनिमल’ में उनके शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। बॉबी देओल ने इस फिल्म में अपने दमदार अवतार से खलबली मचा दी और उनके पास अब फिल्म इंडस्ट्री के कई नए प्रोजेक्ट्स की लाइन लग गई।

पिछले कुछ सालों में बॉबी देओल ने अपनी नकारात्मक भूमिकाओं से दर्शकों को प्रभावित किया है। चाहे वह फिल्म ‘कंगुवा’ में उनके खूंखार विलेन का किरदार हो, या ‘लव हॉस्टल’ में उनका शानदार अभिनय, बॉबी देओल ने अपने हर किरदार को बखूबी निभाया। अब वह बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के सबसे सफल विलेन में से एक माने जाते हैं।

Share This