Posted By : Admin

एल्विश यादव पर फिर से मुकदमा, गवाह को धमकी देने के आरोप में एफआईआर

यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विजेता एल्विश यादव अक्सर विवादों में घिरे रहते हैं। हाल ही में बिग बॉस 18 के दौरान उन्होंने मीडिया को पेड करार दिया था, जिसके चलते उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया। इसके अलावा, वे सांप के जहर मामले में भी फंसे हुए हैं। अब एक नया मामला सामने आया है, जिसमें पीएफए (पीपुल्स फॉर एनिमल्स) कार्यकर्ता और रेव पार्टी केस के गवाह सौरभ गुप्ता ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। एल्विश यादव पर गवाह को धमकाने का आरोप लगाया गया है।

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, गाजियाबाद के नंदग्राम थाने में एल्विश यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। सौरभ गुप्ता का कहना है कि एल्विश ने उनका पीछा करते हुए उनकी सोसाइटी में घुसकर उन्हें धमकाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एल्विश ने गलत पहचान के जरिए सोसाइटी में प्रवेश किया। अपनी शिकायत में सौरभ ने आशंका जताई कि एल्विश यादव किसी सड़क दुर्घटना के जरिए उनकी और उनके भाई की हत्या करवा सकते हैं। इसके अलावा, सौरभ ने आरोप लगाया कि एल्विश और उनके समर्थक उनके परिवार के बारे में झूठी खबरें फैला रहे हैं।

सौरभ का कहना है कि कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें उन्हें, उनके भाई गौरव गुप्ता और नोएडा पुलिस को एल्विश यादव के खिलाफ साजिश रचते हुए दिखाया गया है। इस वजह से उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, यहां तक कि उन्हें अपना फेसबुक अकाउंट भी डीएक्टिवेट करना पड़ा। गौरतलब है कि सौरभ गुप्ता के भाई गौरव गुप्ता ने नवंबर 2023 में नोएडा में हुई रेव पार्टी में सांप के जहर के इस्तेमाल को लेकर एल्विश यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में सौरभ गुप्ता मुख्य गवाह हैं।

अपनी शिकायत में सौरभ ने एल्विश यादव द्वारा साझा की गई एक वीडियो का भी जिक्र किया है, जिसमें कथित तौर पर उन्हें अगवा करने और जान से मारने की धमकी दी गई थी।

Share This