Posted By : Admin

UP Board 2025: 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू, छात्रों को परीक्षा केंद्रों में फूलों से स्वागत किया गया

उत्तर प्रदेश में 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। हालांकि, महाकुंभ के कारण प्रयागराज में फिलहाल परीक्षा का आयोजन नहीं किया जा रहा है। इस जिले में परीक्षा 9 मार्च को संपन्न होगी। परीक्षा केंद्रों पर छात्रों का स्वागत फूल बरसाकर किया गया। इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 54 लाख से अधिक छात्र शामिल हो रहे हैं। यूपी बोर्ड परीक्षाएं 24 फरवरी 2025 से आरंभ होकर 12 मार्च 2025 तक चलेंगी।परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है— पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से 5:15 तक।

राज्यभर में 54 लाख से अधिक छात्र परीक्षा में होंगे शामिल

यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा में इस बार कुल 54,37,233 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के सफल संचालन के लिए पूरे राज्य में 8,140 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। नकल रोकने के लिए हर केंद्र पर कड़े प्रबंध किए गए हैं।

कौशांबी जिले में 44,653 परीक्षार्थी

कौशांबी में परीक्षा की शुरुआत सुबह 8:30 बजे से हो चुकी है। जिले में कुल 44,653 छात्र 84 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दे रहे हैं। पहली पाली में 10वीं की परीक्षा सुबह 8:30 से 11:45 तक हो रही है, जबकि 12वीं की परीक्षा दोपहर 2 बजे से 5:15 तक चलेगी। जिले में 10वीं के 23,711 और 12वीं के 20,942 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं।

परीक्षा केंद्रों की निगरानी ऑनलाइन की जा रही है। DIOS कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिले में 84 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 3 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। नकल रोकने के लिए 6 उड़नदस्ते (सचल दल) गठित किए गए हैं। कौशांबी को 17 अति-संवेदनशील जिलों में शामिल किया गया है।

गाजियाबाद में 66 परीक्षा केंद्र

गाजियाबाद में कुल 66 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 53,392 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। इस जिले में परीक्षा की सुचारू व्यवस्था के लिए 7 जोनल मजिस्ट्रेट और 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

फूल बरसाकर छात्रों का स्वागत

पहले दिन कई परीक्षा केंद्रों पर छात्रों का स्वागत पुष्प वर्षा के साथ किया गया। बुलंदशहर जिले के पहासू स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचे छात्रों पर फूल बरसाए गए। इसके बाद, कड़ी निगरानी और सघन जांच के बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी की जा रही है। परीक्षा को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखा गया।

Share This