राजस्थान के झालावाड़ जिले के डग क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां पांच वर्षीय प्रह्लाद बोरवेल में गिर गया और उसे बचाया नहीं जा सका। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार तड़के लगभग चार बजे उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बच्चे के शव को डग अस्पताल के शवगृह में रखवाया।
यह हादसा रविवार दोपहर पाड़ला गांव में हुआ, जब प्रह्लाद खेत में खेलते-खेलते अचानक 30 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। उस समय उसके माता-पिता खेत में काम कर रहे थे, जबकि बच्चा वहीं पास में खेल रहा था। जैसे ही परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचित किया।
गंगधार के एसडीएम छत्रपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही बचाव दल सक्रिय हो गया और उच्च अधिकारियों को भी मामले से अवगत करा दिया गया। प्रशासन ने बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन दुर्भाग्यवश उसे बचाया नहीं जा सका।

