
उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी और बीजेपी के बीच जुबानी जंग एक बार फिर तेज हो गई है। इस बार निशाने पर हैं अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी का पिछला शासनकाल। योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा सरकार पर हमला बोलते हुए ऐसा बयान दिया है, जिसने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।
ओपी राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में युवाओं को आगे बढ़ने का मौका देने के बजाय उन्हें गुलाम बनाकर रखा जाता था। उन्होंने इसके लिए सैफई सिंडिकेट और उससे जुड़े माफियातंत्र को जिम्मेदार ठहराया।
राजभर के मुताबिक, सपा शासन में सत्ता और प्रभाव का इस्तेमाल आम युवाओं के हितों के बजाय एक खास नेटवर्क को मजबूत करने के लिए किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में माफियाओं का दबदबा था और आम लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता था।
राजभर के इस बयान को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा के खिलाफ बीजेपी और उसके सहयोगी दलों की राजनीतिक रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। क्योंकि प्रदेश में चुनावी माहौल बनने के साथ ही कानून-व्यवस्था, माफियाराज और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दे फिर से सियासत के केंद्र में आ रहे हैं।
अब सवाल यह है कि क्या ओपी राजभर के इस हमले का जवाब अखिलेश यादव देंगे? और क्या सैफई सिंडिकेट का मुद्दा 2027 के चुनाव में एक बार फिर बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनने जा रहा है?



