उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक आईटी कंपनी में रिक्रूटमेंट मैनेजर के रूप में काम करने वाले मानव शर्मा ने अपनी पत्नी के उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक कदम से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाया, जिसमें अपनी पत्नी को इस निर्णय के लिए जिम्मेदार ठहराया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह मामला आगरा की डिफेंस कॉलोनी का है, जहां रहने वाले मानव शर्मा 24 फरवरी को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में उन्होंने अपनी तकलीफों को साझा करते हुए कहा कि वह पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुके थे, लेकिन इस बार उनकी पत्नी की प्रताड़ना से इतना टूट चुके थे कि उन्हें मरने के अलावा कोई और रास्ता नहीं दिखा। उन्होंने पुरुषों के लिए भी सुरक्षा कानून बनाए जाने की मांग उठाई और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
अपने आखिरी संदेश में मानव ने अपने माता-पिता और परिवार से माफी मांगते हुए कहा, “पापा सॉरी, मम्मी सॉरी, अक्कू सॉरी… अब मैं विदा ले रहा हूं।”
घटना के बाद मृतक के पिता ने थाना सदर में तहरीर देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो को भी सबूत के तौर पर लिया जा रहा है। यह घटना बेंगलुरु के अतुल सुभाष आत्महत्या मामले से मिलती-जुलती है, जिसमें एक युवक ने उत्पीड़न से तंग आकर अपनी जान दे दी थी। इस तरह के मामलों ने समाज में पुरुषों की सुरक्षा को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।
समाज में ऐसे मामलों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय बन गई है, जहां प्रताड़ना के शिकार पुरुषों के लिए भी न्यायिक सुरक्षा की मांग उठने लगी है।

