
लखनऊ – आपके सामने इस समय पूरा आसमान है। बड़े सपने देखिए, अपने कौशल का विकास करिए और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा दीजिए। कभी यह महसूस मत कीजिए कि आप अकेले हैं। जब भी आपको लगेगा कि आप अकेले हैं, आप सोच लेना कि मैं आपके साथ खड़ा हूं।” पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर से आए आईटीआई प्रशिक्षुओं को यह भरोसा दिलाते हुए उनके हुनर, परिश्रम और सामर्थ्य को विकसित भारत की सबसे बड़ी पूंजी बताया। उन्होंने कहा कि आईटीआई में सीखा गया कौशल केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सीधे भागीदारी का अवसर है। भारत का भविष्य युवाओं के हाथों और उनके हुनर से ही आकार लेने वाला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी और आईटीआई, दोनों ही उनके लिए देश की अमानत, सामर्थ्य और भविष्य हैं। पश्चिम बंगाल में आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने के समारोह में शामिल होने के बाद उसी उत्साह से लखनऊ के आईटीआई प्रशिक्षुओं के बीच पहुंचने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आईटीआई के विद्यार्थियों को भी उतना ही सम्मान मिलना चाहिए, जितना आईआईटी के विद्यार्थियों को मिलता है। उन्होंने समाज में व्याप्त उस मानसिकता को बदलने का आह्वान किया, जिसमें आईटीआई में प्रवेश लेने वाले युवाओं को कमतर समझा जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़ी कंपनियों में कुछ लोग भले ही कागजी प्रमाणपत्र लेकर काम करते हों, लेकिन उन कंपनियों को चलाने के लिए सैकड़ों कुशल तकनीकी कामगारों की आवश्यकता होती है।
भारत की समृद्ध कौशल परंपरा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने लखनऊ की चिकनकारी, बनारस और कांचीवरम का रेशम, कश्मीर की पश्मीना, मलमल, कलमकारी, सूती वस्त्र, उत्कृष्ट धातु, कांच और पंचधातु की मूर्तिकला जैसे उदाहरण दिए। उन्होंने गुजरात की ‘वसवाया’ परंपरा का जिक्र करते हुए बताया कि गांव बसने के साथ ही वहां जीवन को संचालित करने वाले अलग-अलग हुनर के लोगों की भी बसावट होती थी। समाज की आवश्यकताओं को समझने के लिए उन्होंने गुजरात में अधिकारियों से सुबह जागने से लेकर रात सोने तक और जन्म से मृत्यु तक आवश्यक सेवाओं की सूची तैयार करने को कहा था। शुरुआत में 30-35 कार्यों की सूची आई, लेकिन विस्तार से विचार करने पर करीब एक हजार तरह के काम सामने आए। यही कौशल समाज को गतिशील बनाए रखते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आक्रांताओं ने भारतीय कारीगरों के हुनर को कमजोर करने के लिए उनके कौशल पर चोट की, जबकि अंग्रेजों ने मैकाले की शिक्षा व्यवस्था के माध्यम से कौशल आधारित परंपरा को पीछे धकेलकर कागजी क्लर्क तैयार करने वाली व्यवस्था को बढ़ावा दिया। आजादी के बाद भी डिग्री और प्रमाणपत्र को अधिक महत्व मिला तथा हाथ से काम करने वाले युवाओं को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। दादाजी धर्माधिकारी की पुस्तक में वर्णित एक प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि केवल पोस्ट ग्रेजुएट या गोल्ड मेडलिस्ट होना पर्याप्त नहीं, व्यक्ति को कोई काम आना भी चाहिए। अब समय बदल रहा है और आने वाले वर्षों में प्रमाणपत्रों से अधिक महत्व हुनर का होगा।
प्रधानमंत्री ने दक्षिण कोरिया, दुबई, अबूधाबी, कतर और कुवैत के अपने दौरों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां के शाही परिवार भारतीय कारीगरों के परिश्रम और कौशल की सराहना करते हैं। आधुनिक शहरों के निर्माण में भारतीय कामगारों का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आज अनेक देश भारत के साथ समझौतों में हर साल हजारों की संख्या में कुशल मानव संसाधन की मांग कर रहे हैं। दुनिया को आईटीआई से प्रशिक्षित हुनरमंद युवा चाहिए। भारत को विश्व की स्किल कैपिटल बनाने में यही युवा केंद्र में रहेंगे।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से रोजगार छिनने की आशंकाओं के बीच युवाओं को समझना होगा कि जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता। कोविड काल में कुशल कामगारों की अहमियत पूरी दुनिया ने महसूस की। आज भारत मोबाइल फोन आयात करने वाले देश से आगे बढ़कर उनका निर्माण करने वाला देश बना है। देश की विनिर्माण क्षमता बढ़ाने में युवाओं के हुनर की महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद एक दशक में देश में लगभग पांच हजार नई आईटीआई स्थापित की गई हैं। आईटीआई में प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या पांच लाख से अधिक बढ़ी है और छात्राओं की संख्या ढाई गुना से अधिक हुई है। प्रशिक्षण की गुणवत्ता, फैकल्टी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ आईटीआई में 30 से अधिक नए जमाने के ट्रेड शुरू किए गए हैं। इनमें एआई असिस्टेंट, साइबर सिक्योरिटी असिस्टेंट, ड्रोन टेक्नीशियन, ग्रीन हाइड्रोजन टेक्नीशियन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एनीमेशन एवं स्पेशल इफेक्ट और सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी कौशल विकास को विशेष महत्व दिया गया है।



