
उत्तरी चीन के हेबेई प्रांत में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक नर्सिंग होम में भीषण आग लगने से कम से कम 20 लोगों की जान चली गई। यह हादसा चेंगदे शहर के लोंगहुआ काउंटी में हुआ। बुधवार सुबह तक अधिकारियों ने 20 मौतों की पुष्टि कर दी है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और इसकी जांच की जा रही है।
घायल अस्पताल में भर्ती, एक व्यक्ति हिरासत में
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, आग लगने के बाद 19 अन्य लोगों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, हालांकि अब तक उसकी पहचान या भूमिका के बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
चीन में लगातार हो रही हैं आग की घटनाएं
गौरतलब है कि चीन में हाल के महीनों में इस तरह की कई घटनाएं सामने आई हैं। जनवरी में हेबेई के झांगजियाको शहर में एक फूड मार्केट में आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई थी और 15 घायल हुए थे। उससे एक महीने पहले, पूर्वी चीन के रोंगचेंग शहर में एक निर्माण स्थल पर आग लगने से 9 लोगों की जान चली गई थी। चीन में अक्सर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के चलते ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।