Uncategorized

मुंबई से गोवा अब कुछ घंटों में, नितिन गडकरी ने किया नया हाईवे शुरू होने का ऐलान

गोवा भारत का एक ऐसा राज्य है, जहां पर्यटकों की भारी भीड़ हमेशा रहती है। इसकी सुंदर समुद्री तटों और शानदार नाइटलाइफ के कारण यह दुनिया भर में प्रसिद्ध है। मुंबई से गोवा जाने के लिए कई लोग अपनी गाड़ी से यात्रा करते हैं। इस बीच, मुंबई और गोवा को जोड़ने वाला कोंकण एक्सप्रेसवे, जिसे न्‍यू मुंबई-गोवा हाईवे के नाम से भी जाना जाता है, बहुत जल्द खुलने वाला है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि मुंबई-गोवा हाईवे इस वर्ष जून तक पूरा हो जाएगा। इससे उन यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो वर्षों से गड्ढों से भरी सड़कों पर यात्रा करने के लिए मजबूर थे। इस हाईवे के बन जाने से मुंबई और गोवा के बीच यात्रा समय कम होने की उम्मीद है, साथ ही कोंकण क्षेत्र में विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। गडकरी ने इस हाईवे को बनाने में आने वाली कई मुश्किलों का जिक्र किया और कहा कि कई चुनौतियों का सामना करने के बाद हम जून तक इस सड़क को पूरी तरह से तैयार कर लेंगे।

उन्होंने बताया कि हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण में देरी कानूनी विवादों और आंतरिक झगड़ों के कारण हुई थी। इसके अलावा, मुआवजा देने में भी जटिलताएं आ रही थीं, लेकिन अब सभी समस्याओं का समाधान हो चुका है और अब इस परियोजना पर काम तेज़ी से चल रहा है।

गडकरी ने यह भी कहा कि सरकार जल्द ही नई टोल नीति लागू करेगी, जिसके तहत देशभर में भौतिक टोल बूथों को हटा दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले दो सालों में भारत का सड़क ढांचा अमेरिका से बेहतर होगा।

Related Articles

Back to top button