Posted By : Admin

लखनऊ में हुई हल्की बारिश से गर्मी से राहत मिली, मौसम विभाग ने बदलाव का अलर्ट जारी किया

लखनऊ में आज सुबह से ही मौसम ने करवट ले ली है। आसमान पर बादलों की घनी परत छाई हुई है और हल्की बारिश भी शुरू हो गई है, जिससे मौसम में थोड़ी ठंडक महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी दिशा से चल रही हवाओं के कारण मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है। हवाओं की गति करीब 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच बनी हुई है।

अगले कुछ दिनों तक मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, हालांकि गर्म हवाओं की वजह से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। विभाग का अनुमान है कि आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दोपहर में तेज धूप निकलने की भी संभावना जताई गई है, जिससे पारा 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था। तेज गर्मी और लू ने लोगों की दिनचर्या को खासा प्रभावित किया। वहीं, मौसम विभाग का यह भी कहना है कि पूर्वी हवाओं के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। इसके साथ-साथ धूलभरी आंधी और गरज-चमक वाले बादल भी देखने को मिल सकते हैं। इस दौरान हवा की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।

हालांकि, मौसम में बदलाव के चलते अगले तीन दिनों तक कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हीट वेव और गर्म रातों का असर बना रह सकता है, लेकिन 18 मई से तापमान में गिरावट के चलते गर्मी की यह तीव्र स्थिति समाप्त हो सकती है। लखनऊ सहित पूर्वी यूपी में मौसम के बदलते रुख से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Share This