देहरादून में प्लाटिंग के दौरान एक पिता-पुत्र ने रास्ते की जमीन को फर्जी तरीके से बेच दिया। खरीदार ने रजिस्ट्री करवाने के बाद जब बाउंड्री वॉल बनवाने गए, तो उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। इस मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ 23.71 लाख रुपये की फर्जीवाड़ा करने का मुकदमा दर्ज किया है।
शिवानी पुंडीर, पत्नी प्रतीक राणा, निवासी राजा रोड सेलाकुई ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी। उन्होंने बताया कि 2022 में उनका मयंक मलेठा और उनके पिता पवन मलेठा से परिचय हुआ, जिन्होंने बड़ोवाला ईस्ट होपटाउन में प्लाटिंग कर आखिरी प्लाट बिक्री के लिए उपलब्ध होने का झांसा दिया। शिवानी ने जाकर प्लाट देखा और उसे पसंद कर 23.71 लाख रुपये देकर रजिस्ट्री कराई। बाद में जब वे बाउंड्री वॉल बनवाने गए तो पता चला कि जो जमीन उन्होंने खरीदी है, वह असल में रास्ते की जमीन है।
शिवानी ने मयंक और पवन मलेठा से धोखाधड़ी की शिकायत की, पर आरोपियों ने दूसरी जगह जमीन देने या पैसा वापस करने का झांसा देकर करीब एक साल से मामले को टालते रहे। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में, मृत्युंजय त्रिवेदी निवासी द्रोणपुरी, धर्मपुर ने अपने बचपन के दोस्त आशुतोष गुसाईं, निवासी चित्रलेखा कॉलोनी डांडा धर्मपुर पर मदद के बहाने 17.50 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

