Posted By : Admin

किसान नेता राकेश टिकैत को मिली जानलेवा धमकी, सिर काटने पर ₹5 लाख का इनाम घोषित, मामला दर्ज

मुजफ्फरनगर/मेरठ: भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के प्रमुख नेता राकेश टिकैत को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। आरोपी ने टिकैत का सिर काटने पर पांच लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। यह वीडियो सामने आने के बाद भाकियू समर्थकों में जबरदस्त रोष फैल गया और उन्होंने जोरदार प्रदर्शन करते हुए जानी थाने का घेराव किया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने पुष्टि की है कि वायरल वीडियो में एक युवक ने टिकैत का सिर लाने वाले को नकद इनाम देने की बात कही है। वीडियो के सोशल मीडिया पर फैलते ही किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी नाराजगी देखी गई।

मेरठ और मुजफ्फरनगर दोनों जगहों पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। मेरठ में कार्यकर्ता ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सवार होकर जानी थाना पहुंचे और करीब दो घंटे तक जमकर हंगामा किया। यूनियन के जिला अध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।

आख़िरकार पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए अमित चौधरी नामक आरोपी के खिलाफ मुजफ्फरनगर के सिविल लाइंस थाना में मुकदमा दर्ज कर लिया है। भाकियू के प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस को तहरीर सौंपे जाने के बाद कार्रवाई की गई।

Share This