भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आज (19 मई) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी। मुख्यमंत्री योगी ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दी और शमी के साथ एक तस्वीर भी साझा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “भारतीय क्रिकेट टीम के प्रख्यात गेंदबाज मोहम्मद शमी से आज लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट हुई।”
वहीं, मोहम्मद शमी ने भी मुख्यमंत्री से हुई इस भेंट को सम्मानजनक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने लिखा, “आज मुझे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का गौरव प्राप्त हुआ। हमारी बातचीत में राज्य के विकास, नेतृत्व और सामाजिक बदलाव की संभावनाओं पर गहन चर्चा हुई।”
शमी ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें उत्तर प्रदेश के विकास का एक प्रभावशाली रोडमैप दिखाया, जिसमें सतत प्रगति और समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया गया है। शमी ने कहा कि इस तरह की दूरदर्शिता और समर्पण देखकर उन्हें बेहद प्रेरणा मिली है।
उन्होंने यह भी जोड़ा, “मैं उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में इस परिवर्तनशील यात्रा का हिस्सा बनने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। हमें मिलकर प्रदेश की तरक्की को वास्तविकता में बदलना है।”
बात दें कि मोहम्मद शमी इस समय इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेल रहे हैं और उनकी टीम लखनऊ में लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ एक अहम मुकाबले के लिए पहुंची है। यह मैच लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए “करो या मरो” जैसा है, क्योंकि उन्हें प्लेऑफ में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा।

