Posted By : Admin

स्पेसX में बड़ा धमाका: टेस्टिंग के दौरान फटा स्टारशिप 36 रॉकेट, आग-धुएं से थर्राया इलाका

एलन मस्क की अंतरिक्ष एजेंसी स्पेसX में उस वक्त हड़कंप मच गया जब उसका अत्याधुनिक और बहुप्रतीक्षित स्टारशिप 36 रॉकेट एक टेस्टिंग के दौरान तेज धमाके के साथ फट गया। इस हादसे ने न केवल स्पेसX की तकनीकी चुनौती को उजागर किया, बल्कि मस्क के मंगल मिशन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह घटना टेक्सास के स्टारबेस टेस्ट साइट पर रात करीब 11 बजे घटी, जब रॉकेट का स्टेटिक फायर टेस्ट किया जा रहा था। जैसे ही इंजन ऑन हुआ, रॉकेट का ऊपरी हिस्सा तेज धमाके के साथ फट पड़ा। वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि नोज सेक्शन से विस्फोट शुरू हुआ और फिर भयंकर आग और काले धुएं ने पूरे लॉन्चपैड को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि विस्फोट के वक्त भूकंप जैसी कंपन महसूस हुई और आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं। गनीमत रही कि टेस्ट साइट पूरी तरह रिमोट ऑपरेटेड थी और सभी तकनीकी कर्मचारी सुरक्षित दूरी पर मौजूद थे। इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
स्पेसX का स्टारशिप 36 रॉकेट अब तक का सबसे ताकतवर और पूरी तरह दोबारा इस्तेमाल करने योग्य रॉकेट माना जाता है। यह एलन मस्क के उस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसके तहत वह भविष्य में इंसानों को मंगल ग्रह पर बसाना चाहते हैं। लेकिन लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने इस सपने को मुश्किल बना दिया है।
यह स्टारशिप की 10वीं टेस्ट उड़ान से पहले आखिरी स्टेटिक फायर टेस्टिंग थी, और 29 जून को इसकी लॉन्चिंग प्रस्तावित थी। इस तरह के परीक्षण लॉन्च से पहले इंजन की ताकत और स्थिरता जांचने के लिए किए जाते हैं। लेकिन इस बार परीक्षण पूरी तरह विफल रहा।
हालांकि स्पेसX या एलन मस्क की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है, लेकिन शुरुआती जांच में इंजन फेल्योर या डिजाइन खामी को इस विस्फोट की वजह बताया जा रहा है। इससे पहले भी दो अन्य टेस्ट फ्लाइट्स हवा में फट चुकी हैं, जिससे स्टारशिप की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं। बेशक, विज्ञान प्रयोगों से ही आगे बढ़ता है, लेकिन जब एक सपने की चिंगारी बार-बार राख में बदल जाए, तो सवाल जरूरी हो जाते हैं।

Share This