
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर से फिल्म जगत से लेकर राजनीतिक जगत तक शोक की लहर दौड़ गई। 89 वर्ष की उम्र में मुंबई में उन्होंने अंतिम सांस ली। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और अस्पताल में इलाज चल रहा था। हाल ही में परिवार उन्हें घर लेकर आया था, लेकिन सोमवार को उनका निधन हो गया। धर्मेंद्र करीब 300 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके थे और हिंदी सिनेमा में उनका योगदान बेहद बड़ा माना जाता है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धर्मेंद्र के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि धर्मेंद्र जी का जाना फिल्म और कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की।
यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि धर्मेंद्र जी का निधन सिनेमा जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने याद दिलाया कि धर्मेंद्र न केवल एक शानदार अभिनेता थे, बल्कि भारतीय जनता पार्टी से सांसद भी रहे थे। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सोशल मीडिया पर अपनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र का सिनेमा जगत में योगदान अद्वितीय रहा है और उनकी फिल्में हमेशा लोगों की यादों में जिंदा रहेंगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को सद्गति देने की प्रार्थना की।
मुंबई पुलिस ने बताया कि धर्मेंद्र लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और परिवार उनकी स्थिति को देखते हुए घर पर ही इलाज करा रहा था। ‘सत्यकाम’, ‘शोले’, ‘चुपके-चुपके’, ‘अनुपमा’, ‘फूल और पत्थर’ जैसी अनगिनत फिल्मों में अभिनय कर उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई। भारतीय सिनेमा के इतिहास में धर्मेंद्र का नाम सदा अमर रहेगा और उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।



