अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 191 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। यह पाकिस्तान का टूर्नामेंट में दूसरा खिताब है। इससे पहले वह 2012 में भारत के साथ संयुक्त विजेता रहा था। रविवार को आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए इस हाईवोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तान ने हर विभाग में भारत पर दबदबा बनाए रखा।
मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह रणनीति टीम इंडिया पर भारी पड़ गई। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर विशाल 347 रन बनाए। पारी की शुरुआत में पाकिस्तान को 31 रन के स्कोर पर हमजा जहूर (18) के रूप में पहला झटका लगा, लेकिन इसके बाद टीम ने शानदार वापसी की।
समीर मिन्हास ने उस्मान खान के साथ दूसरे विकेट के लिए 92 रनों की अहम साझेदारी कर पाकिस्तान की पारी को मजबूती दी। उस्मान खान 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद समीर ने अहमद हुसैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 137 रनों की बड़ी साझेदारी निभाई और टीम को 260 रन तक पहुंचाया। अहमद हुसैन ने 72 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि समीर मिन्हास ने 113 गेंदों में 9 छक्कों और 17 चौकों की मदद से शानदार 172 रन की पारी खेली।
भारत की ओर से गेंदबाजी में दीपेश देवेंद्रन सबसे सफल रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके। वहीं हेनिल पटेल और खिलन पटेल को 2-2 विकेट मिले, जबकि कनिष्क चौहान ने एक विकेट अपने नाम किया।
347 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और 26.2 ओवर में सिर्फ 156 रन पर सिमट गई। कप्तान आयुष म्हात्रे के रूप में भारत को 32 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा, जो सिर्फ 2 रन बना सके। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 10 गेंदों में 26 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही भारतीय पारी बिखर गई।
भारतीय टीम के लिए खिलन पटेल (19), अभिज्ञान कुंडू (13) और आरोन जॉर्ज (16) कुछ खास योगदान नहीं दे सके। निचले क्रम में दीपेश देवेंद्रन ने संघर्ष करते हुए 16 गेंदों में 36 रन बनाए, लेकिन तब तक मैच पूरी तरह पाकिस्तान के पक्ष में जा चुका था।
पाकिस्तान की गेंदबाजी में अली रजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। उनके अलावा मोहम्मद सैयाम, अब्दुल सुभान और हुजैफा अहसान ने 2-2 विकेट लेकर भारत की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इस तरह पाकिस्तान ने दमदार जीत के साथ अंडर-19 एशिया कप 2025 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

