Posted By : Admin

क्रिकेट को मिला नया सुपरस्टार! वैभव सूर्यवंशी ने 54 गेंदों में तोड़ा एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के पहले ही दिन क्रिकेट जगत में एक बड़ा रिकॉर्ड बन गया, जब बिहार के उप-कप्तान और महज 14 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव ने ऐसी पारी खेली, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ पहले मैच में उतरते हुए वैभव सूर्यवंशी ने अपने लिस्ट-ए करियर का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। उन्होंने मात्र 84 गेंदों पर 190 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 226 से ज्यादा रहा, जो 50 ओवर फॉर्मेट में बेहद दुर्लभ माना जाता है। अपनी इस पारी में वैभव ने 16 चौके और 15 छक्के जड़े। यह न सिर्फ उनका पहला लिस्ट-ए शतक रहा, बल्कि इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर केवल 71 रन था।

इस यादगार पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। उन्होंने एबी डिविलियर्स का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। वैभव अब लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने सिर्फ 54 गेंदों में 150 रन पूरे कर लिए, जबकि यह रिकॉर्ड पहले एबी डिविलियर्स के नाम था, जिन्होंने 2015 वनडे वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ 64 गेंदों में 150 रन बनाए थे।

इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी बिहार के लिए लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इतनी कम उम्र में इस तरह की परिपक्व और आक्रामक बल्लेबाजी ने चयनकर्ताओं और क्रिकेट विशेषज्ञों को भी हैरान कर दिया है। विजय हजारे ट्रॉफी के पहले ही मैच में इस युवा बल्लेबाज की यह पारी आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट के लिए एक बड़े सितारे के उभरने के संकेत दे रही है।

Share This