नए साल की शुरुआत के साथ ही एलपीजी उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका लगा है। 1 जनवरी 2026 से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक साथ ₹111 प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी कर दी गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इंडियन ऑयल की ओर से जारी नई कीमतों के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर अब ₹1580.50 की जगह ₹1691.50 में मिलेगा। इसी तरह कोलकाता में इसकी कीमत ₹1684 से बढ़कर ₹1795 हो गई है। मुंबई में कॉमर्शियल सिलेंडर अब ₹1531.50 के बजाय ₹1642.50 में उपलब्ध होगा, जबकि चेन्नई में इसकी कीमत बढ़कर ₹1849.50 हो गई है। दिल्ली से लेकर पटना तक कारोबारियों को एक समान ₹111 की बढ़ोतरी का सामना करना पड़ा है।
वहीं, घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किग्रा) के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इंडियन ऑयल के आंकड़ों के अनुसार, आज घरेलू सिलेंडर दिल्ली में ₹853, मुंबई में ₹852.50 और लखनऊ में ₹890.50 में मिल रहा है। इसके अलावा पटना में ₹951, कारगिल में ₹985.50, पुलवामा में ₹969 और बागेश्वर में ₹890.50 की कीमत दर्ज की गई है।
अगर पिछले साल की बात करें तो 2025 में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। दिल्ली में जहां इसकी कीमत ₹1818.50 थी, वहीं दिसंबर 2025 तक घटकर ₹1580.50 रह गई थी। दूसरी ओर, घरेलू सिलेंडर उपभोक्ताओं को पूरे साल में करीब ₹50 की बढ़ोतरी झेलनी पड़ी थी।
आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में औसतन ₹238 प्रति सिलेंडर की गिरावट दर्ज की गई थी। जनवरी, फरवरी और अप्रैल 2025 में अलग-अलग चरणों में कीमतों में कमी आई थी, जिससे होटल, ढाबा और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं को राहत मिली थी।
हालांकि, नए साल की पहली ही तारीख को हुई ताजा बढ़ोतरी ने एक बार फिर कारोबारियों की लागत बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में एलपीजी की कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार और तेल कंपनियों के फैसलों का असर आगे भी देखने को मिल सकता है।

