आईपीएल 2026 में बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के खेलने को लेकर भारत में विरोध का माहौल बना हुआ है। बांग्लादेश में हालिया राजनीतिक अस्थिरता और हिंसक घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और बीसीसीआई की आलोचना तेज हो गई है। कुछ राजनीतिक नेताओं और धर्म गुरुओं ने मांग की है कि जैसे पहले पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर आईपीएल में प्रतिबंध लगाया गया था, वैसे ही बांग्लादेशी खिलाड़ियों को भी टूर्नामेंट से बाहर किया जाए।
इन विरोधों के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मुस्तफिजुर रहमान को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि वह भारत सरकार के निर्देशों के बिना किसी भी विदेशी खिलाड़ी पर प्रतिबंध नहीं लगाएगा। बोर्ड ने फिलहाल “वेट एंड वॉच” की नीति अपनाई है और कहा है कि मौजूदा हालात में बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर बैन लगाने का कोई आधार नहीं है।
गौरतलब है कि दुबई के एतिहाद एरीना में हुए आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान अकेले बांग्लादेशी खिलाड़ी थे, जिन्हें फ्रेंचाइजी ने खरीदा। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था। इस बड़ी रकम के बाद से ही उनका नाम सुर्खियों में बना हुआ है।
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि स्थिति संवेदनशील जरूर है, लेकिन फिलहाल बांग्लादेश को दुश्मन देश नहीं माना जा सकता। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “मुस्तफिजुर आईपीएल खेलेंगे” और बोर्ड लगातार सरकार के संपर्क में है। साथ ही बीसीसीआई, विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर बांग्लादेशी खिलाड़ियों के वीजा संबंधी मुद्दों पर भी बातचीत कर रही है।
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होना है। इसी को ध्यान में रखते हुए बांग्लादेशी खिलाड़ियों के वीजा को लेकर पहले से तैयारी की जा रही है। बीसीसीआई का मानना है कि वीजा को लेकर कोई बड़ी समस्या नहीं आएगी और इसे आईपीएल के लिए भी आगे बढ़ाया जा सकता है।
हालांकि, आईपीएल 2026 के पूरे सीजन में मुस्तफिजुर रहमान की उपलब्धता कुछ हद तक बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के फैसलों पर निर्भर करेगी। अप्रैल में बांग्लादेश को न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलनी है। यदि बीसीबी ने मुस्तफिजुर को एनओसी (NOC) देने से इनकार किया, तो वह आईपीएल के कुछ मुकाबलों से बाहर रह सकते हैं।
बीसीसीआई अधिकारियों के अनुसार, अभी तक बीसीबी की ओर से एनओसी को लेकर कोई नकारात्मक संकेत नहीं मिले हैं। फिलहाल बोर्ड पूरी तरह से भारत सरकार के अगले निर्देशों का इंतजार कर रहा है। ऐसे में मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह साफ है कि विरोध के बावजूद मुस्तफिजुर रहमान का आईपीएल 2026 में खेलना तय माना जा रहा है, जब तक कि सरकार की ओर से कोई अलग आदेश नहीं आता।

