भारतीय क्रिकेट टीम साल 2026 में बांग्लादेश का दौरा करेगी, जहां दोनों देशों के बीच वनडे और टी20 सीरीज खेली जाएगी। इस दौरे की पुष्टि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने की है। बीसीबी के अनुसार, यह दौरा पहले अगस्त 2025 में प्रस्तावित था, लेकिन बांग्लादेश में राजनैतिक अशांति के कारण इसे टालकर अब सितंबर 2026 में आयोजित किया जाएगा।
नए कार्यक्रम के मुताबिक टीम इंडिया 28 अगस्त 2026 को बांग्लादेश पहुंचेगी। दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 1 सितंबर से होगी, जबकि बाकी दो मुकाबले 3 और 6 सितंबर को खेले जाएंगे। इसके बाद तीन टी20 मैचों की सीरीज का आयोजन किया जाएगा, जिसका पहला मुकाबला 9 सितंबर, दूसरा 12 सितंबर और तीसरा 13 सितंबर को खेला जाएगा।
भारत के दौरे के अलावा बांग्लादेश साल 2026 में कई बड़ी क्रिकेट टीमों की मेजबानी भी करेगा। पाकिस्तान क्रिकेट टीम मार्च में तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 9 मार्च को बांग्लादेश पहुंचेगी, जिसके मुकाबले 12 से 16 मार्च के बीच खेले जाएंगे। इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम 17 अप्रैल से तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी और फिर 27 अप्रैल से 2 मई के बीच दोनों देशों के बीच तीन टी20 मुकाबले होंगे।
इसी क्रम में पाकिस्तान आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेलेगा। पाक टीम 4 मई को पहुंचेगी, पहला टेस्ट 8 से 12 मई और दूसरा टेस्ट 16 से 20 मई के बीच खेला जाएगा। वहीं ऑस्ट्रेलिया का व्हाइट-बॉल दौरा 5 जून से शुरू होगा, जिसमें पहले तीन वनडे और फिर 15 से 20 जून के बीच तीन टी20 मुकाबले खेले जाएंगे।
भारत की मेजबानी के बाद बांग्लादेश टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। इससे पहले 22 से 24 अक्टूबर के बीच एक तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच होगा। पहला टेस्ट 28 अक्टूबर से 1 नवंबर और दूसरा टेस्ट 5 से 9 नवंबर के बीच आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा बीसीबी ने यह भी जानकारी दी है कि श्रीलंका ‘ए’ टीम मई 2026 में बांग्लादेश का दौरा करेगी, जहां दोनों ‘ए’ टीमें दो चार दिवसीय मैच और 50 ओवरों के मुकाबले खेलेंगी।
कुल मिलाकर, 2026 का साल बांग्लादेश क्रिकेट के लिए बेहद व्यस्त रहने वाला है, जिसमें भारत समेत कई शीर्ष क्रिकेट राष्ट्रों के खिलाफ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएंगी।

