Posted By : Admin

टी20 टीम के चयन में बड़ा बदलाव: तिलक वर्मा की जगह कौन करेगा बल्लेबाजी?

तिलक वर्मा के चोटिल होने से भारतीय टी20 टीम की योजनाओं पर असर पड़ा है। विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान लगी ग्रोइन इंजरी के बाद उनकी सर्जरी हुई है, जिसके चलते उनका न्यूजीलैंड के खिलाफ 21 जनवरी से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज से बाहर रहना लगभग तय माना जा रहा है। साथ ही, अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप के शुरुआती मैचों में उनके खेलने पर भी संशय बना हुआ है। हालांकि, इस पर बीसीसीआई की ओर से अभी आधिकारिक बयान नहीं आया है।

मध्यक्रम में पहले से शिवम दुबे और रिंकू सिंह जैसे बल्लेबाज टीम का हिस्सा हैं, ऐसे में चयनकर्ताओं को तिलक की जगह एक भरोसेमंद विकल्प की तलाश है। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे तीन बल्लेबाज इस दौड़ में सबसे आगे नजर आ रहे हैं, जिन पर चयनकर्ताओं की निगाहें टिकी हैं।

इस सूची में पहला नाम श्रेयस अय्यर का है। फिट घोषित हो चुके अय्यर के लिए यह टी20 टीम में वापसी का मौका बन सकता है। विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने मुंबई के लिए हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 53 गेंदों पर 82 रन और पंजाब के खिलाफ 34 गेंदों पर 45 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। आईपीएल में कप्तान के तौर पर ट्रॉफी जीत चुके अय्यर के पास अनुभव और नेतृत्व क्षमता दोनों हैं। उन्होंने अपना आखिरी टी20 मैच दिसंबर 2023 में खेला था, लेकिन तिलक की चोट के बाद उनकी सरप्राइज एंट्री संभव मानी जा रही है।

दूसरा मजबूत विकल्प ऋतुराज गायकवाड़ हैं। महाराष्ट्र के कप्तान गायकवाड़ घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बना रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खुद को साबित कर चुके हैं। हालांकि वह स्वाभाविक रूप से ओपनर हैं, लेकिन आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उन्होंने मिडिल ऑर्डर में भी प्रभावी बल्लेबाजी की है। विजय हजारे ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में उन्होंने सात पारियों में 413 रन बनाए हैं। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छी सीरीज खेलने के बावजूद उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टीम में जगह नहीं मिली थी, लेकिन टी20 टीम में उनकी वापसी की संभावना बनी हुई है।

तीसरा नाम देवदत्त पडिक्कल का है, जो इस समय घरेलू क्रिकेट के सबसे शानदार फॉर्म वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं। कर्नाटक के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने विजय हजारे ट्रॉफी में सिर्फ 7 पारियों में 91.42 की औसत से 640 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उन्होंने 6 मैचों में 167.02 के स्ट्राइक रेट से 309 रन जड़े। उनकी निरंतरता और बाएं हाथ के विकल्प होने की वजह से चयनकर्ता उन्हें तिलक वर्मा के संभावित रिप्लेसमेंट के तौर पर गंभीरता से देख रहे हैं।

अब देखना होगा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और आगे टी20 विश्व कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ता किस बल्लेबाज पर भरोसा जताते हैं।

Share This