पंजाब में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी और राज्य में छाए बादलों के छंटने के बाद तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में राज्य का औसत न्यूनतम तापमान करीब 2.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे ठंड और धुंध दोनों का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार सुबह जारी आंकड़ों में होशियारपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जहां पिछले 24 घंटों में करीब 5 डिग्री की बड़ी गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा लुधियाना में 5 डिग्री, पटियाला में 4.4 डिग्री, बठिंडा में 3.4 डिग्री और गुरदासपुर में 3.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।
ठंड बढ़ने के साथ ही राज्य के कई हिस्सों में घनी धुंध का असर भी नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए धुंध को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जैसे जिलों में धुंध छाए रहने की चेतावनी दी गई है।
इसके साथ ही मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 48 घंटों के लिए शीतलहर (कोल्ड वेव) को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, बठिंडा और मानसा जिलों में ठंडी हवाओं और सर्दी के और बढ़ने की आशंका जताई गई है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि 16 जनवरी तक राज्य में धुंध का असर बना रह सकता है, जिसके चलते जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।
धुंध का सबसे अधिक असर अमृतसर में हवाई यातायात पर देखने को मिला है। घने कोहरे के कारण सुबह 6.45 बजे के बाद अमृतसर एयरपोर्ट से फ्लाइट्स का प्रस्थान रुक गया। सुबह 6.45 बजे एयर इंडिया की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट अंतिम उड़ान रही। वहीं, सुबह 7 बजे मुंबई से अमृतसर पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट AI2729 तय समय 8.35 बजे वापसी उड़ान नहीं भर सकी।
इसके अलावा 10.05 बजे शिमला और 10.15 बजे हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट्स भी धुंध के कारण अब तक रवाना नहीं हो पाई हैं। मौसम विभाग ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले मौसम और उड़ानों की स्थिति की जानकारी जरूर लें, क्योंकि आने वाले दिनों में ठंड और धुंध का असर और बढ़ सकता है।

