पंजाब सरकार राज्य के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। 22 जनवरी से पूरे प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना’ की शुरुआत की जाएगी, जिसके तहत पात्र लाभार्थियों को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य गंभीर बीमारियों के इलाज में आने वाले भारी खर्च से लोगों को राहत देना और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करना है।
फतेहगढ़ साहिब में योजना की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि यह योजना सभी वर्गों के लोगों के लिए लागू होगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए 1,200 करोड़ रुपये का शुरुआती बजट तय किया है, जिसे जरूरत पड़ने पर 1,500 करोड़ रुपये तक बढ़ाने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी भी मरीज के इलाज में धन की कमी न आए।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना के तहत इलाज के लिए मरीजों को व्यापक विकल्प दिए गए हैं। राज्य के करीब 650 निजी अस्पतालों को इस योजना में सूचीबद्ध किया गया है। इसके अलावा सभी सरकारी अस्पताल, सीएचसी और मेडिकल कॉलेज भी योजना के दायरे में शामिल होंगे। लाभार्थी इन अस्पतालों में बिना किसी अग्रिम भुगतान के इलाज करवा सकेंगे।
योजना को ज़मीनी स्तर तक प्रभावी बनाने के लिए राज्य के सभी 23 जिलों में ट्रायल कैंपों के माध्यम से व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। मंत्री ने बताया कि एक हजार से अधिक आबादी वाले गांवों और शहरी वार्डों में कैंप लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर न जाना पड़े। हेल्थ कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड और वोटर कार्ड, जबकि बच्चों के लिए आश्रित कार्ड मान्य होगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह योजना स्वास्थ्य क्षेत्र में एक क्रांतिकारी बदलाव साबित होगी और खासकर गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम करेगी। आपातकालीन स्वास्थ्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राज्य के 10 अस्पतालों में विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे, ताकि गंभीर मरीजों को तुरंत सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर ड्रग्स के खिलाफ जंग कैंपेन के दूसरे चरण की शुरुआत की जानकारी भी दी गई। डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि लोगों के सहयोग से पंजाब को ड्रग-फ्री बनाने का लक्ष्य है और जो युवा गलत संगत के कारण नशे की चपेट में आ गए हैं, उन्हें इस जानलेवा लत से बाहर निकालने के प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय, एडीसी पूजा सियाल ग्रेवाल, डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ. सरिता, दिलप्रीत सिंह भट्टी और कुलविंदर सिंह डेरा भी मौजूद रहे। सरकार ने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना से लाखों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और पंजाब की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

