Posted By : Admin

पंजाब के जालंधर देहात में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, कॉलेज विवाद का वांछित आरोपी लवप्रीत गिरफ्तार

जालंधर देहात के अलावलपुर रोड पर पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव भुलथ निवासी लवप्रीत उर्फ लभी के रूप में हुई है। वह कॉलेज प्रधानगी विवाद को लेकर 19 दिसंबर को हुई फायरिंग के मामले में वांछित था, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

मिली जानकारी के अनुसार, अलावलपुर पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई परमजीत सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान जब पुलिस अलावलपुर से गांव डोला की ओर जा रही थी, तो सामने से आ रहे एक बाइक सवार युवक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। बारिश के कारण उसकी बाइक फिसल गई और वह एक खाली प्लॉट के पास गिर पड़ा।

पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी की बाजू में गोली लग गई और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू में ले लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी 19 दिसंबर को जालंधर-भोगपुर हाईवे स्थित किशनगढ़ चौक के पास एक पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल था। कॉलेज की प्रधानगी को लेकर हुए इस विवाद में तीन कारों में सवार बदमाशों ने 12 से 15 राउंड फायरिंग की थी, जिससे भीड़ में मौजूद गुरप्रीत गोपी और सौरव गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

इस मामले में पुलिस पहले ही जतिंदर और रक्षित नामक दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि लवप्रीत उर्फ लभी फरार चल रहा था। अब पुलिस मुठभेड़ के बाद उसकी गिरफ्तारी से इस मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।

Share This