Posted By : Admin

यातायात पुलिस का कड़ा अभियान, 10 हजार से ज्यादा वाहनों का रजिस्ट्रेशन सस्पेंड

लखनऊ में यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। राजधानी में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने ऐसे चालकों पर कार्रवाई शुरू की है, जो लगातार नियम तोड़ रहे हैं। इस अभियान के तहत अब तक 500 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं।

यातायात पुलिस द्वारा आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) कैमरों की मदद से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान की जा रही है। नवंबर 2025 से अब तक जिन वाहनों पर पांच या उससे अधिक बार चालान काटे गए हैं, उनकी सूची तैयार कर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, अब तक 10,050 वाहनों का पंजीकरण निलंबित किया जा चुका है। इसके अलावा, 52,187 वाहनों का पंजीकरण निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है, जिन पर अंतिम निर्णय आरटीओ स्तर पर लिया जाएगा।

ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी लगातार जारी है। फिलहाल करीब 500 चालकों के लाइसेंस सस्पेंड किए जा चुके हैं, जबकि 13,919 वाहन चालकों की सूची तैयार की गई है, जिनके खिलाफ आगे लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित है।

यातायात पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस सख्ती का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। विभाग ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग से बचने, रेड लाइट जंपिंग और गलत पार्किंग न करने की अपील की है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि लखनऊ की सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके और नियमों का पालन सुनिश्चित हो।

Share This