Posted By : Admin

चंडीगढ़ को मिला नया मेयर, बीजेपी के सौरभ जोशी की जीत

चंडीगढ़ मेयर चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज करते हुए शहर को नया मेयर दे दिया है। भाजपा के सौरभ जोशी को पार्षदों का बहुमत समर्थन मिला और वे चंडीगढ़ के मेयर चुन लिए गए। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने अलग-अलग प्रत्याशी उतारे, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया और भाजपा को सीधा फायदा मिला।

इस बार चुनाव से पहले कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) अंतिम समय में एकजुट हो सकती हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। कांग्रेस ने आप से गठबंधन तोड़ते हुए अपने प्रत्याशी उतारने का फैसला किया। भाजपा के पास पहले से ही अपने 18 पार्षदों का समर्थन था, जिसने उसकी जीत की राह आसान कर दी।

मेयर पद के लिए भाजपा से सौरभ जोशी, आम आदमी पार्टी से योगेश ढींगरा और कांग्रेस से गुरप्रीत सिंह गाबी मैदान में थे। सौरभ जोशी को सबसे ज्यादा वोट मिले और वे विजयी घोषित किए गए। भाजपा ने सीनियर डिप्टी मेयर के लिए जसमन सिंह और डिप्टी मेयर के लिए सुमन देवी को उम्मीदवार बनाया था।

चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल भी तेज रही। कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने अपने आवास पर पार्षदों की बैठक बुलाई, जिसमें यह तय किया गया कि कांग्रेस मेयर सहित तीनों पदों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और आम आदमी पार्टी को समर्थन नहीं देगी। इसी दौरान रात करीब आठ बजे के बाद कांग्रेस पार्षदों के फोन बंद हो जाने की भी खूब चर्चा हुई।

वहीं आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पहले सुखना लेक पर लंच डिप्लोमेसी का सहारा लिया। आप चंडीगढ़ प्रभारी जनरैल सिंह और अध्यक्ष विजय पाल यादव की मौजूदगी में पार्षदों के साथ सोलर क्रूज पर बैठक की गई, हालांकि पार्टी के तीन पार्षद इसमें शामिल नहीं हुए।

कुल मिलाकर, कांग्रेस और आप के बीच तालमेल न बन पाने का सीधा फायदा भाजपा को मिला और सौरभ जोशी की ताजपोशी के साथ चंडीगढ़ को नया मेयर मिल गया।

Share This