Posted By : Admin

यूपी के 18 जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, लखनऊ-मेरठ समेत कई शहरों में हड़कंप

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब लखनऊ, मेरठ, अयोध्या, वाराणसी, आजमगढ़ और अमरोहा समेत कुल 18 जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसमें दोपहर 12:15 बजे अदालत परिसरों में विस्फोट करने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर आ गया।

धमकी की जानकारी मिलते ही संबंधित जिलों के कोर्ट परिसरों को एहतियातन खाली कराया गया। पुलिस और सुरक्षा बलों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और डॉग स्क्वायड को भी तैनात किया गया है, जो चप्पे-चप्पे की जांच कर रहे हैं। अदालत परिसरों के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सभी धमकियां एक ही पैटर्न पर ई-मेल के माध्यम से भेजी गई हैं। पुलिस साइबर सेल की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे का उद्देश्य क्या है।

गौरतलब है कि दो दिन पहले भी प्रदेश की कई जिला अदालतों को इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जो बाद में जांच में फर्जी साबित हुई थी। ऐसे में एक बार फिर से इस तरह की धमकी मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है। फिलहाल सभी जिलों में एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Share This