ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की कथित हत्या की खबर सामने आने के बाद पाकिस्तान के कराची शहर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। खबर फैलते ही कराची स्थित अमेरिकी कॉन्सुलेट के बाहर बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों की भीड़ लाठी-डंडों के साथ कॉन्सुलेट के आसपास इकट्ठा हुई और कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। स्थिति बिगड़ने पर स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और चेतावनी के तौर पर हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद धीरे-धीरे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया गया।
बताया जा रहा है कि यह विरोध उस खबर के बाद भड़का, जिसमें दावा किया गया था कि अमेरिका और इजरायल के हमले में अली खामेनेई की हत्या कर दी गई है। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आ रही हैं। खबर के प्रसार के साथ ही क्षेत्र में गुस्सा और आक्रोश देखने को मिला।
घटना के बाद कराची में अमेरिकी दूतावास और अन्य संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती जारी है।

