ईरान-इजरायल तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। इसी के चलते अमृतसर से शारजाह जा रही इंडिगो की फ्लाइट को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और उसे अंततः वापस अमृतसर लौटना पड़ा। विमान में सवार 180 यात्रियों को कई घंटों तक अनिश्चितता और असुविधा का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उनकी दुबई भ्रमण यात्रा रद्द हो गई।
जानकारी के अनुसार, श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमृतसर से शनिवार सुबह 11:45 बजे इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 1427 शारजाह के लिए रवाना हुई थी। इस यात्रा में श्री गोविंद यात्रा सेवा परिवार की ओर से 20 श्रद्धालुओं का जत्था भी शामिल था। दोपहर करीब 3:30 बजे विमान शारजाह हवाई अड्डे के ऊपर पहुंचा, लेकिन वहां के हालात सामान्य न होने के कारण उसे उतरने की अनुमति नहीं दी गई।
जत्थे के मुख्य सेवादार रिंकू बटवाल ने बताया कि विमान काफी देर तक आसमान में चक्कर काटता रहा। बाद में सूचना दी गई कि फ्लाइट को मुंबई डायवर्ट किया जा रहा है, लेकिन वहां भी लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद अहमदाबाद और फिर सूरत की ओर रुख किया गया। अंततः विमान को सूरत हवाई अड्डे पर कुछ समय के लिए रोका गया, जहां यात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। शाम करीब 6:30 बजे फ्लाइट को अमृतसर के लिए रवाना किया गया और रात लगभग 7:45 बजे सभी यात्री सुरक्षित वापस पहुंच गए।
इस यात्रा के तहत यात्रियों की योजना अबू धाबी स्थित स्वामी नारायण मंदिर में दर्शन करने, बुर्ज खलीफा, डेजर्ट सफारी, दुबई मॉल और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने की थी। यह टूर 4 मार्च तक निर्धारित था, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों के कारण इसे रद्द करना पड़ा।
यात्रियों संजीव कुमार हांडा, सतीश कुमार और राकेश बहल सहित अन्य लोगों ने सुरक्षित वापसी पर संतोष जताया और ईश्वर का आभार व्यक्त किया। रिंकू बटवाल ने बताया कि उनकी संस्था पिछले आठ वर्षों से धार्मिक यात्राओं का आयोजन कर रही है और भविष्य में श्रीलंका में रामायण आधारित यात्रा तथा सितंबर 2026 में ज्योतिर्लिंग, शिर्डी और शनि शिंगणापुर यात्रा आयोजित करने की योजना है।
सूत्रों के अनुसार, एक अन्य संगठन का जत्था फिलहाल शारजाह में फंसा हुआ है, जहां हवाई अड्डों पर अस्थायी प्रतिबंध लागू हैं। प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले एयरलाइन से मौजूदा स्थिति की पुष्टि अवश्य करें।

