पश्चिम एशिया में ईरान-इराक तनाव का असर अब भारतीय हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार को अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आने-जाने वाली करीब 12 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। अचानक लिए गए इस फैसले से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा और कई लोगों को अपनी यात्रा योजनाएं बदलनी पड़ीं।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, दुबई से अमृतसर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस (IX192) निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सकी। इसके अलावा कतर एयरवेज (QR548) की दोहा से आने वाली उड़ान, स्पाइस जेट (SG56) की दुबई से फ्लाइट, एयर इंडिया (AI170) की लंदन से और AI118 की बर्मिंघम से आने वाली उड़ान भी रद्द रहीं। शारजाह से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस (IX138) और इंडिगो (6E148) की फ्लाइट भी संचालित नहीं हो सकीं।
केवल आगमन ही नहीं, बल्कि अमृतसर से रवाना होने वाली कई उड़ानों पर भी असर पड़ा। इंडिगो (6E1427) की शारजाह जाने वाली फ्लाइट, कतर एयरवेज (QR549) की दोहा के लिए उड़ान, एयर इंडिया एक्सप्रेस (IX137) की शारजाह सेवा, स्पाइस जेट (SG55) की दुबई के लिए फ्लाइट और एयर इंडिया (AI117) की बर्मिंघम जाने वाली उड़ान भी रद्द कर दी गई।
एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया के कुछ हवाई मार्गों में सुरक्षा कारणों से बदलाव किया गया है। कुछ एयर रूट अस्थायी रूप से बंद किए गए हैं और एयर ट्रैफिक नियंत्रण में भी परिवर्तन हुआ है। सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता देते हुए उड़ानों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्रियों को टिकट रद्द कराने या नई तारीख तय करने के लिए एयरलाइंस से संपर्क करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की पुष्टि अवश्य करें। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही हालात सामान्य होंगे और हवाई मार्ग फिर से सुरक्षित घोषित किए जाएंगे, उड़ान सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।

