अमृतसर के राजासांसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जगदेव कलां गांव में पुरानी रंजिश के चलते पंजाब पुलिस के एक कॉन्स्टेबल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जगजीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात थे। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार जगजीत सिंह गुरदासपुर जिले में एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ ड्यूटी कर रहे थे। शनिवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपने घर लौटे थे। इसी दौरान घर के बाहर पहले से घात लगाए बैठे करीब 10 से 12 हथियारबंद लोगों ने उन्हें घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने जगजीत सिंह की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले के दौरान जब परिवार के अन्य सदस्यों ने जगजीत सिंह को बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस हमले में परिवार के कुछ लोग भी घायल बताए जा रहे हैं। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अपने वाहनों में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
मृतक की पत्नी हरजीत कौर के अनुसार इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश कारण है। उन्होंने बताया कि हमलावरों में मुख्य आरोपी बलराम सिंह है, जिसका उनके परिवार के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था।
हमले के बाद गंभीर रूप से घायल जगजीत सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

