Posted By : Admin

आपदा में किसानों को राहत: CM योगी का निर्देश- 24 घंटे में मिले मुआवजा

असमय बारिश, ओलावृष्टि और आगजनी की घटनाओं से रबी फसलों को हुए नुकसान को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने त्वरित राहत देने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कठिन समय में किसानों के साथ खड़ा रहना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बुधवार सुबह आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रभावित किसान और बटाईदार के नुकसान का सटीक और निष्पक्ष आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कर रिपोर्ट जल्द से जल्द शासन को भेजी जाए, ताकि राहत वितरण में किसी प्रकार की देरी न हो।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जनपद स्तर पर राजस्व, कृषि और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। इसके साथ ही बीमा कंपनियों के साथ तालमेल बनाकर फसल बीमा दावों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खुद किसानों से संपर्क कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाएं, ताकि अधिक से अधिक प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।

राज्य आपदा राहत कोष के तहत सभी जिलों को तत्काल धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से कहा कि वे सुनिश्चित करें कि सहायता राशि पारदर्शी और तेज़ी से किसानों तक पहुंचे। जहां जरूरत हो, वहां राहत शिविर स्थापित किए जाएं और मंडी समितियों के माध्यम से भी किसानों की हरसंभव मदद की जाए।

अग्निकांड की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहानि या पशुहानि की स्थिति में 24 घंटे के भीतर राहत राशि प्रदान की जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत जल्द लाभ दिया जाए। जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार इस आपदा की घड़ी में हर किसान और उसके परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।

Share This