Posted By : Admin

यूपी में 3446 अभ्यर्थियों को मिली सरकारी नौकरी, योगी सरकार ने दी बड़ी सौगात

उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का एक और बड़ा अवसर सामने आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 3446 पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने के बाद अब चयनित अभ्यर्थियों को जनपदवार नियुक्ति देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

आयोग द्वारा आयोजित इस भर्ती परीक्षा का आयोजन 13 जुलाई 2025 को किया गया था। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद सफल अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है। चयनित उम्मीदवारों को संबंधित जिलों में रिक्त पदों के अनुसार नियुक्त किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी कृषि निदेशालय को सौंपी गई है।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भर्ती कृषि विभाग को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाएगी। उन्होंने बताया कि चयनित उम्मीदवारों में सामान्य वर्ग के 1813, अनुसूचित जाति के 509, अनुसूचित जनजाति के 151, अन्य पिछड़ा वर्ग के 629 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 344 अभ्यर्थी शामिल हैं।

वहीं, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने भी सफल उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं की यह नियुक्ति प्रदेश के कृषि विकास को नई गति देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित अभ्यर्थी किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कृषि सचिव इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि यह भर्ती काफी समय से लंबित थी और इसके पूरा होने से विभाग के फील्ड स्तर के कार्यों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन की आवश्यकता थी, जिसे यह भर्ती काफी हद तक पूरा करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि कृषि विभाग राज्य सरकार के एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। नए प्राविधिक सहायकों की नियुक्ति से कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों तक तकनीकी जानकारी पहुंचाने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव (कृषि) रविंद्र और कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी ने भी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनसे पूरी निष्ठा के साथ किसानों और कृषि क्षेत्र के विकास में योगदान देने की अपेक्षा जताई।

Share This