उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को पीलीभीत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पतरासा कुंवरपुर गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और जिले के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पूर्वाह्न 11:30 बजे निर्धारित है।
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरखेड़ा और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। साथ ही कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इसके अलावा विस्थापित पट्टाधारक परिवारों को उनके मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेज भी वितरित किए जाएंगे, जिससे उन्हें अपनी भूमि पर कानूनी अधिकार मिल सकेगा।
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:40 बजे मुरादाबाद के लिए रवाना होंगे। वहां वह विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे, विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे और रात्रि प्रवास भी करेंगे। इसके बाद मंगलवार को उनका रामपुर में जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। वहीं, बरेली में भी वह समीक्षा बैठक करेंगे और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनसभा स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मंच की व्यवस्था भी अंतिम रूप दे दी गई है। मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख, विधायक, एमएलसी सुधीर गुप्ता, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी सहित कुल 38 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
मंच की पहली पंक्ति में मुख्यमंत्री के साथ प्रमुख जनप्रतिनिधि और मंत्री मौजूद रहेंगे, जबकि दूसरी पंक्ति में अन्य जनप्रतिनिधियों और पूर्व जनप्रतिनिधियों को स्थान दिया गया है। तीसरी पंक्ति में प्रशासनिक अधिकारी, जिनमें एडीजी, मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

