Uncategorized

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर जंतर-मंतर में जश्न, अभिजीत दीपके बोले- ‘झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए’

नई दिल्ली, 25 जुलाई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की घोषणा के बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र संगठनों और कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के समर्थकों के बीच जश्न का माहौल देखने को मिला। आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल अभिजीत दीपके ने मंच से इस्तीफे की घोषणा करते हुए इसे छात्रों के संघर्ष की जीत बताया।

मंच से संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा, “हमने कर दिखाया। लोग कहते थे कि इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते, लेकिन हमने कर दिखाया। झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए।” उन्होंने कहा कि यह जीत उन सभी छात्रों को समर्पित है, जिनका भविष्य कथित नीट पेपर लीक विवाद से प्रभावित हुआ।

दीपके ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस बात का प्रमाण है कि लोकतांत्रिक तरीके से चलाया गया आंदोलन परिणाम दे सकता है। उन्होंने कहा कि यदि जनता डरे नहीं और अपनी मांगों पर शांतिपूर्वक डटी रहे, तो जवाबदेही तय कराई जा सकती है।

हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन अभी समाप्त नहीं हुआ है। उनके अनुसार संगठन की दो प्रमुख मांगें अभी भी लंबित हैं। पहली, कथित नीट पेपर लीक प्रकरण के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। दूसरी, 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

इस्तीफे की घोषणा के बाद प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों ने नारेबाजी की और एक-दूसरे को बधाई दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी कॉकरोच जनता पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया गया, जिसमें अभिजीत दीपके मंच से समर्थकों को इस्तीफे की जानकारी देते दिखाई दिए।

संगठन ने संकेत दिए हैं कि शेष मांगों पर सरकार के ठोस निर्णय तक जंतर-मंतर पर उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button